संवाददाता: कुमार विवेक, नमस्कार भारत
रांची में भारत की निगाहे अजेय रहने की होगी। वहीं, इंग्लिश टीम सीरीज में बने रहने के लिए जीत और ड्रॉ की उम्मीद करेगी। भारत के महान व पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह गृह नगर है। टीम इंडिया अब तक यहां एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मैच रांची में खेला जाना है। दोनों टीमें 23 फरवरी से आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड ने हैदराबाद में टेस्ट जीतकर सीरीज की शुरुआत शानदार शुरुआत की थी। उसके बाद रोहित शर्मा की टीम ने जबरदस्त वापसी की। उसने विशाखपत्तनम और राजकोट में खेले गए मुकाबलों में बेहतरीन जीत हासिल कर सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली। टीम इंडिया अब तक यहां एक भी टेस्ट नहीं हारी है। वहीं, इंग्लैंड पहली बार धोनी के शहर में क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में खेलने उतरेगा।
2017 में यहां खेला गया पहला टेस्ट मुकाबला
रांची में अब तक दो टेस्ट मैच खेले गए हैं। यहां पहला मुकाबला 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। वह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। वहीं, दूसरा मुकाबला उसके दो साल बाद 2019 में आयोजित हुआ था। तब टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हार की स्वाद चखाया। भारत इस मैदान पर कभी नहीं हारने के अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखने उतरेगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखाया था जबरदस्त खेल
2017 में जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें रांची में टकराई हुई थीं तब रवींद्र जडेजा का जादू देखने को मिला था। उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट लिए थे। उसके बाद भारत के लिए पहली पारी में नाबाद 54 रन बनाए थे। इतना ही नहीं, जडेजा ने दूसरी पारी में भी अपनी घातक गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर कहर बरपाया था और चार विकेट भी लिए थे। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने दोनों पारियों में एक-एक विकेट अपने नाम किया था। अश्विन के नाम यहां तीन रन हैं। 2017 में खेलने वाली टीम के सिर्फ ये दोनों सदस्य ही मौजूदा भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

रांची में चला था रोहित का जादू
2019 में भारत जब इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उतरा था तब रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने पहली पारी में 212 रन बनाए थे। जडेजा ने 51 और अश्विन ने 14 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जडेजा ने पहली पारी में दो विकेट लिए थे। दूसरी पारी में उन्हें एक सफलता मिली थी। अश्विन को पहली पारी में सफलता नहीं मिली थी। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया था। भारत पारी और 202 रन से मैच जीता था।

रोहित ने बनाया सबसे ज्यादा रन, गेंदबाजी में जडेजा का कहर
रांची में रोहित शर्मा सबसे ज्यादा रन 212 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर चेतेश्वर पुजारा हैं। उन्होंने दो मैच में 202 रन बनाए हैं। जडेजा ने दो मैच में 105 रन बनाए हैं। वह इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सातवें स्थान पर हैं। गेंदबाजी में जडेजा ही नंबर-1 हैं। उन्होंने दो मैच में 12 विकेट लिए हैं। अश्विन ने इतने मैचों में तीन विकेट लिए हैं।
