संवाददाता: कुमार विवेक, नमस्कार भारत
भोपाल के इंदौर में उस वक्त सियासत गरमा गई, जब अचानक कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन वापस ले लिया। वहीं नामांकन वापस लेने के बाद बम ने भाजपा का दामन भी थाम लिया, जहां बीजेपी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में बम के इस फैसले पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी बात रखी है।
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अक्षय बम के बीजेपी में प्रवेश पर उनका स्वागत करते हुए बम को बधाई दी है। विजयवर्गीय ने कहा कि, इंदौर में एक नया इतिहास लिखा गया है। मैं अक्षय की तारीफ करूंगा, क्योंकि जिस साहस के साथ वो काम कर रहा था, और काम करते-करते BJP में आ गया, मैंने कहा, अक्षय की जगह मैं तो ऐसा नहीं कर सकता जो अक्षय ने किया है, बहुत साहसी है, और दृढ़ इच्छाशक्ति है।
अक्षय कांति ने कही ये बात
प्रेस वार्ता में अक्षय कांति बम ने कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल होने के कारण बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। बम ने कहा कि, राष्ट्रहित की जागृति के लिए, देश प्रेम के संभाव के लिए, हमारे सनातन धर्म के पूरे विश्व में प्रचार के लिए, एक संपूर्ण और श्रेष्ठ भारत के लिए, हर वर्ग के विकास के लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के लिए, जेपी नड्डा जी, अमित शाह जी, मोहन यादव जी, जगदीश देवड़ा जी, कैलाश विजयवर्गीय जी, इन सभी के विजन के लिए, इन सभी के परिश्रम के लिए, मैंने मंजिल की ओर चलना जरूर शुरू किया था। बस थोड़ा रास्ता बदला है, जिस रास्ते पर राष्ट्रभक्ति के लोग हैं, जिस रास्ते पर संघ के लोग हैं, जिस रास्ते पर दलित लोग हैं, जिस रास्ते पर पिछड़े लोग हैं, जिस रास्ते पर जैनी लोग हैं, बस उन सबके साथ चलना शुरू किया है, और मंजिल की ओर अग्रसर हैं।
सियासत के गढ़ इंदौर में राजनीति का बड़ा खेल हुआ है, जहां चुनाव से चंद दिनों पहले नाम वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम ने नामांकन वापस लेते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया है। अक्षय बम के चुनावी मैदान छोड़ने के बाद अब संभवत: इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब चुनाव मैदान में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं रहेगा।
