संवाददाता: सिद्धार्थ कुंवर, नमस्कार भारत
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ इस समय अपनी आने वाली फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इन दिनों दोनों एक्टर्स जोर-शोर से अपनी फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इसी बीच ‘बड़े मियां छोटे मियां’ का नया गाना ‘मस्त मलंग झूम’ रिलीज कर दिया गया है, जो फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
‘मस्त मलंग झूम’ गाना रिलीज
इस गाने में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ का ब्रोमैंस देखने को मिल रहा है। दोनों इस गाने पर दमदार डांस कर रहे हैं। सबसे पहले फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था। जिसे फैंस ने काफी पसंद किया था। इसके बाद फिल्म का टाइटल ट्रैक जारी किया गया था। वहीं, अब मेकर्स ने फिल्म का दूसरा गाना ‘मस्त मलंग झूम’ रिलीज कर दिया है ।
अरिजीत सिंह ने दी इस गाने में आवाज
‘बड़े मियां छोटे मियां’ के लेटेस्ट ट्रैक मस्त मलंग झूम को आवाज अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और निकिता गांधी ने दी है। वहीं, गाने के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं, जबकि विशाल मिश्रा ने मस्त मलंग झूम सॉन्ग को कंपोज किया है।
11 अप्रैल 2024 को रिलीज होगी फिल्म
अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ इस बार ईद पर रिलीज होगी। ये फिल्म आगामी 11 अप्रैल 2024 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। आपको बता दें कि ‘बड़े मियां छोटे मियां’ 1998 में आई अमिताभ बच्चन, गोविंदा और रवीना टंडन की फिल्म का सीक्वेल है। ओरिजिनल फिल्म का डायरेक्शन डेविड धवन ने किया था। वहीं, अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की इस फिल्म को अली अब्बास जफर ने निर्देशित किया है। इस फिल्म के प्रोड्यूसर वासु भगनानी और जैकी भगनानी हैं।
पार्टी परफेक्ट है फिल्म का नया गाना
‘मस्त मलंग झूम’ एक पार्टी परफेक्ट गाना है। इस गाने की खास बात ये है कि ‘बड़े मियां छोटे मियां’ से पहली बार सोनाक्षी सिन्हा का लुक भी सामने आया है। गाने में सोनाक्षी सिन्हा अपने को-एक्टर अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ के साथ जबरदस्त डांस करती नजर आ रही हैं।
