संवाददाता: कुमार विवेक, नमस्कार भारत

 IPL 2024: मुंबई ने रोहित शर्मा की जगह ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपने का निर्णय लिया था,जिस पर काफी विवाद हुआ था। मुंबई फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को दोबारा टीम में शामिल किया था।

आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत होने में अब महज कुछ ही दिनों का वक्त शेष रहा गया है और सभी टीमों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। लेकिन मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाना जैसे अब भी इस फ्रेंचाइजी के लिए गले की फांस बना हुआ है। मुंबई ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को रोहित की जगह टीम की कमान सौंपने का निर्णय लिया था जिस पर काफी विवाद हुआ था। मुंबई फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को दोबारा टीम में शामिल किया था। हार्दिक लंबे समय तक मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे, लेकिन 2022 सीजन के लिए आईपीएल नीलामी से पहले मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

हार्दिक के कप्तानी में गुजरात ने किया था दमदार प्रदर्शन

हार्दिक गुजरात टाइटंस टीम के साथ जुड़े थे जिसने 2022 सीजन से डेब्यू किया था। गुजरात फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को अपना कप्तान बनाया और आईपीएल इतिहास में पहली बार था जब इस भारतीय ऑलराउंडर ने कप्तानी की थी। अपने पहले ही सीजन में गुजरात ने हार्दिक की कप्तानी में आईपीएल का खिताब जीता। 2023 सीजन में भी गुजरात का प्रदर्शन दमदार रहा और लगातार दूसरे साल उसने फाइनल में जगह बनाई, लेकिन खिताबी मैच में उसे अंतिम गेंद पर चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था। हार्दिक ने दो साल में अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया जिससे प्रभावित होकर मुंबई ने उन्हें फिर टीम में शामिल किया। हार्दिक के दोबारा टीम में शामिल किए जाने के कुछ दिन बाद ही मुंबई ने रोहित को हटाकर हार्दिक को कप्तानी सौंपने की घोषणा की जिससे करीब एक दशक तक मुंबई की कप्तानी करने वाले रोहित को कप्तान पद छोड़ना पड़ा। मुंबई इंडियंस के इस फैसले से उसके प्रशंसक भी दंग रह गए।

मुंबई इंडियंस की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई

आईपीएल 20204 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसमें मुख्य कोच मार्क बाउचर और कप्तान हार्दिक पांड्या ने हिस्सा लिया। रोहित को कप्तानी से हटाने के फैसले पर सवाल उठना लाजमी था। एक पत्रकार ने बाउचर से रोहित को कप्तानी से हटाने और हार्दिक को कमान सौंपने का कारण पूछा। इस पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी चुप्पी साध गए और उन्होंने इस सवाल का जवाब नहीं दिया। ठीक के उनके बगल में बैठे हार्दिक पहले तो सीधे देखते रहे और गंभीर बने रहे, लेकिन बाद में हंसते नजर आए। इसके बाद एक अन्य पत्रकार ने पूछा कि क्या हार्दिक के करार में उन्हें कप्तानी सौंपने की बात थी, इस बार भी बाउचर की ओर से कोई जवाब नहीं आया और वह कॉन्फ्रेंस के दौरान इन सवालों से असहज दिखे

इससे पहले, बाउचर ने पिछले महीने रोहित को कप्तानी से हटाने पर बयान देते हुए कहा था कि यह पूरी तरह से खेल का निर्णय है और उनके लिए परिवर्तन लाने वाला दौर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *