संवाददाता: कुमार विवेक, नमस्कार भारत
बिहार की राजधानी पटना में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) के युवा नेता सौरभ कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 33 वर्षीय सौरभ कुमार पर 4 अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई थी।
दरअसल इस घटना में सौरभ के दोस्त को भी चोट लग गई है और उनकी हालत गंभीर है। ये घटना लोकसभा चुनाव-2024 के दूसरे चरण के मतदान से पहले हुई है।
सौरभ अपने दोस्त मुनमुन के साथ रात 12 बजे कार से एक शादी समारोह से लौट रहे थे…इसी दौरान बाइक सवार 4 बदमाशों ने करीब 5 राउंड फायरिंग की। सौरभ कुमार के सिर में 2 गोली लगी। जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, मामला पुनपुन थाना क्षेत्र का है।
बिहार पुलिस ने कहा….
पटना पुलिस ने कहा, युवा नेता सौरभ की कल (24 अप्रैल) देर रात उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वह पटना में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पुनपुन के थाना प्रभारी आर सिंह ने बताया कि परसा बाजार गांव में गोलीबारी में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मुनमुन कुमार भी घायल हो गए हैं।
बाइक सवार अज्ञात 4 लोगों ने सौरभ को सिर में दो गोली मारी, जबकि उसके साथी मुनमुन कुमार को तीन गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुनमुन को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
देर रात पटना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या के विरोध में गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क भी जाम कर दी थी। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है।
