संवाददाता: सिद्धार्थ कुंवर, नमस्कार भारत
यूक्रेन ने राष्ट्रपति जेलेंस्की की हत्या की कोशिश को नाकाम कर दिया है। यूक्रेनी सुरक्षा सेवा ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की सहित अन्य वरिष्ठ यूक्रेनी अफसरों की हत्या की साजिश में शामिल 2 यूक्रेनी सुरक्षा अधिकारियों को हिरासत में लिया है।
एसबीयू ने कहा कि वे रूसी राज्य सुरक्षा सेवा से संबंधित एजेंटों के नेटवर्क का हिस्सा थे। वे जेलेंस्की का अपहरण और हत्या करने के लिए उनके राष्ट्रपति के अधीन काम करने वाले बॉडीगार्ड की तलाश में जुटे थे।
इन दोनों अधिकारियों पर राजद्रोह का केस लगाया गया है। एक पर आतंकवादी कार्रवाई में शामिल होने का भी आरोप लगा है। दावा है कि दोनों आरोपियों को रूस से पैसे और हथियार मिले थे। एजेंसी ने कहा कि ये दोनों कर्नल राष्ट्रपति के अलावा सैन्य खुफिया प्रमुख किरिलो बुडानोव और एसबीयू प्रमुख वासिल माल्युक को मारने की योजना पर काम कर रहे थे।
हिरासत में लिए गए इन अफसरों के बारे में कहा गया है कि इन्हें फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से पहले ये भर्ती हुए थे। इन्होंने सैन्य खुफिया प्रमुख बुडानोव को ईस्टर त्यौहार से पहले मारने की योजना बनाई थी।
एजेंसी ने कहा कि रूसी खुफिया एजेंसी ने एक आरोपी को जेलेंस्की की हत्या के लिए दो ड्रोन और आधुनिक हथियार दिए थे। आरोपी ये हथियार अपने तीसरे साथी को देना चाहता था, पर साजिश से पहले ही उसे पकड़ लिया गया। एसबीयू प्रमुख वासिल माल्युक ने कहा कि वे पुतिन को शपतग्रहण से पहले एक बड़ा गिफ्ट देना चाहते थे। माल्युक ने कहा कि उन्होंने रूसी योजना पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा, “लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि दुश्मन मजबूत और अनुभवी है, उसे कम नहीं आंका जा सकता।”
पहले भी हो चुकी है मारने की कोशिश
आपको बता दें कि यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को पहले भी मारने की कोशिशें हो चुकी हैं। रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू होने के बाद जेलेंस्की को मारने की पहली कोशिश अगस्त 2023 में की गई थी। इसमें जेलेंस्की को हवाई हमला कर मारने का प्लान था।
