अनु सैनी नमस्कार भारत
मुजफ्फरनगर। जिला सहकारी बैंक के सभागार में शनिवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में “ग्रामीण पत्रकारिता : एक जोखिम भरा कार्य” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता देश के विकास की रीढ़ है। पत्रकारों द्वारा ग्रामीण समस्याओं को उठाने के बाद ही उनका समाधान होता है। पहले पत्रकारिता का परिवेश शहरों तक सीमित था, लेकिन अब यह गांव-गांव तक पहुंच चुकी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया और यूट्यूब के इस दौर में खबरों को प्रमाणित करके प्रसारित करने की अपील की।
पत्रकार समाज का आईना हैं


विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। वे छोटी-बड़ी सभी खबरें शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर जन समस्याओं को सामने लाते हैं। संघर्षशील पत्रकारिता में जोखिम अवश्य है।
कठिनाइयों का सामना साहस से करें
प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि कार्य करने में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन उनका सामना करने के लिए साहस होना चाहिए। कलम में निष्पक्षता रखकर कार्य करें और एक पक्ष को भारी व दूसरे को हल्का करके खबरें न लिखें।
पत्रकारों की आय पर चिंता
प्रदेश महामंत्री डॉ. नरेश पाल सिंह ने कहा कि पत्रकारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पत्रकारों को सशक्त करना समय की मांग है। पत्रकारों की आय आजीविका चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है, ऐसे में अपने व्यवसाय के साथ पत्रकारिता को समय देना एक बड़ी चुनौती है।
ग्रामीण पत्रकारिता सच्ची समाजसेवा और सशक्तिकरण की जरूरत
श्रीराम कॉलेज के पूर्व पत्रकारिता विभागाध्यक्ष रवि भूषण गौतम ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता सच्ची समाजसेवा है, जिसमें बहुत संघर्ष है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे पत्रकारों को इस तरह की संगोष्ठियों के माध्यम से अकादमिक रूप से सशक्त बनाने की जरूरत है, ताकि वे अपने अधिकारों के बारे में जान सकें। वर्तमान में अधिकांश पत्रकारों की आय उनके परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है, इसलिए पत्रकारों के लिए अकादमिक स्तर पर सशक्तिकरण और अधिकारों की जानकारी बेहद जरूरी है।
पत्रकार स्थायी समिति का गठन होगा:-
सूचना एवं जन संपर्क विभाग के उप निदेशक दिलीप कुमार गुप्ता ने आश्वासन दिया कि दो सप्ताह में मंडल के तीनों जिलों में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति का गठन कराया जाएगा।
कई जिलों के पत्रकारों की भागीदारी
संगोष्ठी को सहारनपुर के जिलाध्यक्ष आलोक तनेजा, शामली के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल पांचाल और मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष संजय राठी ने भी संबोधित किया। संचालन रोहिताश कुमार वर्मा ने किया। कार्यक्रम में खतौली, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, जानसठ, मोरना, भोपा, ककरौली, चरथावल, सिसौली और शाहपुर क्षेत्र के पत्रकारों ने भाग लिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *