संवाददाता:कुमार विवेक, नमस्कार भारत
Lok Sabha Election 2024: यूपी के अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। अमेठी से पार्टी ने गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा और रायबरेली से राहुल गांधी को टिकट दिया गया है। घोषणा के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बधाई दी।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा किशोरी लाल शर्मा जी से हमारे परिवार का वर्षों से नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वे हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है।
आज खुशी की बात है कि श्री किशोरी लाल जी को कांग्रेस पार्टी ने अमेठी से उम्मीदवार बनाया है। किशोरी लाल जी की निष्ठा और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अवश्य ही उन्हें इस चुनाव में सफलता दिलाएगा। ढेर सारी शुभकामनाएं।
किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि वह अच्छा विकल्प हैं। मैंने उनके साथ चुनाव में काम किया है। 1999 में हम दोनों ने एक साथ काम किया था। अमेठी के हर गांव और गली को केएल शर्मा जानते हैं।
बता दें कि रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस के दोनों ही उम्मीदवार आज नामांकन दाखिल करेंगे। पूरा गांधी परिवार आज रायबरेली पहुंचा है। प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी आज रायबरेली पहुंच गए हैं। रायबरेली में आज रोड शो निकलेगा। जिसके लिए पार्टी ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
बता दें कि अमेठी में भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी को टिकट दिया है। जबकि रायबरेली में दिनेश प्रताप सिंह भाजपा के उम्मीदवार हैं। पिछले चुनाव की बात करें तो अमेठी में राहुल गांधी को स्मृति ईरानी ने मात दी थी, जबकि रायबरेली से सोनिया गांधी ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस बार दोनों ही सीटों पर यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है।
