संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के मंदवाड़ा रोड पर पुलिस और डकैतों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान डकैत मुनित पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी चुटकी, बिनेश और रितिन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं गैंग का मुख्य आरोपी चुरती अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी सपेरों का भेष बनाकर घरों की रेकी करते थे। करीब 25 दिन पहले गैंग ने कुरथल क्षेत्र में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने, चांदी और नकदी पर हाथ साफ किया था। क्षेत्र में कई दिनों से सक्रिय इस गैंग की तलाश में पुलिस दबिश दे रही थी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों से आभूषण, तमंचा, कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है। घायल डकैत मुनित को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस फरार आरोपी चुरती की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *