संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत
मुज़फ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में नई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोबाइल चोरी और छिनैती करने वाले एक सक्रिय गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 29 चोरी व छिनैती किए मोबाइल फोन, जिनमें अधिकतर एप्पल कंपनी के आईफोन हैं, बरामद किए गए। बरामदगी की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी बृजेश शर्मा, उपनिरीक्षक संदीप सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मावी, कॉन्स्टेबल रोहित कुमार, मुनेश कुमार, अभिषेक नागर और नरेश कुमार की टीम लगातार अपराधियों पर नकेल कसने में लगी है। टीम की कार्यशैली को जिलेभर में सराहना मिल रही है।
घटना का विवरण
1 दिसंबर 2025 को वादी सचिन संघल ने थाना नई मंडी में तहरीर देकर बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज कर उनका सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल छीन लिया। मामले में मुकदमा संख्या 607/2025 धारा 304(2)/352 बीएनएस के तहत दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 7 दिसंबर की रात ए-टू-ज़ेड तिराहे से दो शातिर बदमाशों फराज उर्फ कांचा और सुहैल (मेरठ) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से घटना में छीना गया मोबाइल और 28 अन्य चोरी/छिनैती के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
आरोपियों ने बताया कि वे अधिकतर महंगे आईफोन को निशाना बनाते थे क्योंकि इनकी मांग अधिक होने के कारण इन्हें देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और बांग्लादेश में ऊँचे दामों पर बेच देते थे। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
एक आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार एक वांछित आरोपी अभी फरार है,महफूज पुत्र फजलू रहमान, निवासी रशीदनगर, मेरठ।
उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग टीम गठित कर दी गई है।
पुलिस के प्रयासों की सराहना
नई मंडी थाना प्रभारी बृजेश शर्मा और उनकी टीम लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस की इस बड़ी उपलब्धि से चोरी/छिनैती करने वाले गैंग की कमर टूट गई है और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
