संवाददाता: सिद्धार्थ कुंवर, नमस्कार भारत
मुज़फ्फरनगर जिला सहकारी बैंक द्वारा श्री राम ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेस के प्रबंधन विभाग के छात्रों हेतु एक दिवसीय भ्रमण एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रबंधन के छात्रों को बैंकिंग के विभिन्न उपकरण आदि की जानकारी देना, बैंकिंग तकनीक के विषय में जागरूक करना, तथा कोआपरेटिव बैंकिंग के सम्पूर्ण संरचनात्मक ढाँचे एवं सुविधाओं से अवगत कराना रहा। उपरोक्त भ्रमण के आयोजन से पूर्व श्री राम ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेस (इंटीग्रेटेड कैंपस) के निदेशक डॉ एस एन चौहान ने छात्रों से संवाद कर उन्हें इस प्रकार की विजिट एवं प्रशिक्षण के महत्त्व को समझाया। उन्होंने उपरोक्त प्रशिक्षण के अधिगम उद्देश्यों से छात्रों को अवगत करवाया। इसके पश्चात सभी छात्रों ने जिला सहकारी बैंक के कोर्ट रोड स्थित हेड ऑफिस प्रस्थान किया। जिला सहकारी बैंक के परिसर में सर्वप्रथम समस्त कर्मचारियों द्वारा छात्रों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात् बैंक के तकनीकी विभाग एवं डाटा सेंटर प्रमुख आदित्य आर्य ने छात्रों को बैंकिंग तकनीकी, साइबर जोखिम व उनसे बचाव, कोआपरेटिव बैंकिंग के फ्रेमवर्क आदि विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। इसके पश्चात् छात्रों को कृषि एवं अन्य ऋणों की जानकारी प्रदान की गयी। बैंक प्रबंधन द्वारा छात्रों को बैंक की गतिविधियों के आधार पर बैंक का पिछले पांच वर्षों का तुलनात्मक अध्ययन भी प्रस्तुत किया गया। जिला सहकारी बैंक के एजीएम ढाल गोपाल ने छात्रों को बचत योजनाओं की जानकारी देते हुए निजी जीवन में भी वित्तीय योजना बनाने की सलाह दी। इसके पश्चात् समस्त छात्रों ने विभिन्न विभागों जैसे आई टी, ऋण, स्थापना, रिटेल बैंकिंग आदि में जाकर प्रायोगात्मक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में जिला सहकारी बैंक मुज़फ्फरनगर के सचिव राजेश कुमार ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कॉलेज के एस प्रकार के प्रयासों की सरहाना करते हुए मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर श्री राम ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेस के प्रबंधन विभाग से डॉ मोहम्मद दानिश व अतुल रघुवंशी ने बैंक प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सचिव राजेश कुमार, एजीएम ढाल गोपाल आदित्य आर्य व संयोजक मुज़म्मिल हुसैन आदि को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रबंधन के विभागाध्यक्ष डॉ लोकेश वर्मा, डॉ मोहम्मद दानिश, राजीव रावल, श्रुति मित्तल व अतुल रघुवंशी आदि का सहयोग रहा।
