संवाददात: राहुल चौधरी, नमस्कार भारत
आज श्रीराम कॉलेज के सभागार में ’’सशक्त नारी सशक्त राष्ट्र’’ विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी डा0 सुनीता बालियान रही तथा विशिष्ट अतिथियों में श्रीराम ग्रुप आफ कालिजेज के निदेशक डा0 एन एन चौहान, श्रीराम कॉलेज आफ फार्मेसी के निदेशक डा गिरेन्द्र गौतम, श्रीराम कॉलेज के डीन एकेडमिक्स डा0 विनीत कुमार शर्मा, श्रीराम कालेज आज इंजीनियरिंग की डीन डा सुचित्रा त्यागी, आदि द्वारा कार्यक्रम का शुभारम्भ संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमुख समाज सेवी डॉ सुनीता बालियान ने सभागार में उपस्थित अध्यापिकाओं एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मानित स्थान देने के लिए कानून के साथ समाज की सोच में भी परिर्वतन लाने की जरूरत है। लड़की के पैदा होते ही उससे भेदभाव होने लगता है। जो कि सही नहीं है, इस व्यवस्था को बदलने में हम सभी को अपनी भागीदारी निभानी है इसके लिए महिलाओं को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। अपने अधिकारो को पहचानना होगा, अपने अधिकारों का प्रयोग कर आगे बढ़ना होगा।

इस अवसर पर डॉ सुनीता बालियान ने छात्राओं को स्वयं रक्षा एवं केरियर के बारे में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। अपने सशक्त रूप में, महिला सशक्तिकरण में स्वतंत्रता, समानता के साथ-साथ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पहलू शामिल हैं। इसके माध्यम से वास्तविक प्रयास यह सुनिश्चित करने में निहित है कि हम लैंगिक समानता लाएं। सही समर्थन दिए जाने पर महिलाओं ने हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। डॉ सुनीता बालियान ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के विषय में विस्तृत जानकारी दी उन्होंने बताया की कैसे वह अपने को किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से बचा सकते हैं। साथ ही छात्राओं से अनुशासन का पालन करते हुए अपनी पढ़ाई पर जोर देने की बात कही उन्होंने कहा की पढ़ लिख कर आज की महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
इस अवसर पर श्री राम कॉलेज के चेयरमेन डॉ० एस सी कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि ’’यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः’’ अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता वास करते हैं, नारी की पुरुष से तुलना ही संभव नही है, नारी सर्वाेपरी है, वह देवी है मां है बहन, बेटी है और हर रूप में सशक्त है पूजनीय है।
इस अवसर पर श्री राम कॉलेज की प्राचार्या डॉ० प्रेरणा मित्तल ने डॉ० सुनीता बालियान का आभार व्यक्त करते हुए एव सभागार में उपस्थित अध्यापिकाओं एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वयं अपनी प्रेरणा से आगे बढने, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अब देश में महिलाओं को अपने अधिकारों का ज्ञान होने लगा है। बिना अधिकारों की जानकारी के कोई भी समाज तरक्की नहीं कर सकता है। अधिकारों के साथ साथ उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी करना होगा।

इस अवसर पर श्री राम ग्रुप ऑफ़ कालिजेज के संस्थापक चेयरमैन डॉ एस सी कुलश्रेष्ठ द्वारा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डा0 प्रेरणा मित्तल द्वारा की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष शिक्षक, शिक्षिकायें, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।