संवाददाता : सिद्धार्थ कुंवर, नमस्कार भारत
लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में ‘जन विश्वास यात्रा’ निकाल पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के काफिले की गाड़ी का सोमवार रात को भयानक एक्सीडेंट हो गया। पूर्णिया में तेजस्वी के काफिले की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें गाड़ी के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक हादसा पूर्णिया के मुफस्सिल थाना के बेलौरी के पास हुआ। जहां आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के काफिले में शामिल एक एस्कॉर्ट गाड़ी की एक कार से भीषण टक्कर हो गई, जिसमें गाड़ी के ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 6 जवान सहित 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा ?
हादसा पूर्णिया में बिलौरी पैनोरमा हाइट के पास हुआ, जहां तेजस्वी यादव के जनविश्वास यात्रा के काफिले की गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा रही एक कार से जा भिड़ी।
ड्राइवर की मौत, 10 लोग घायल
हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे में एस्कॉर्ट गाड़ी के ड्राइवर मोहम्मद हलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 पुलिसकर्मी घायल हुए, साथ ही दूसरी कार में सवार 4 लोग भी घायल हैं।

पूर्णिया से कटिहार जा रहे थे तेजस्वी यादव
आपको बता दे कि तेजस्वी यादव सोमवार को पूर्णिया,अररिया, किशनगंज की जन विश्वास यात्रा पर आए थे। ऐसे में रात करीब 10:30 बजे पूर्णिया से कटिहार की तरफ जा रहे थे। तभी यह भयानक हादसा हुआ है।
5 लोगों की हालत गंभीर
फिलहाल सभी घायल जवानों का इलाज पूर्णिया जीएचसीएच में चल रहा हैं। सभी घायल में से 5 लोगों की हालात गंभीर बताई जा रही है। मृतक गाड़ी चालक मोहम्मद मधुबनी जिला के टीओपी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्णिया एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
