संवाददाता: सिद्धार्थ कुंवर, नमस्कार भारत
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सारा अली खान मार्च 2024 में लोगों को एंटरटेन करने के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रही हैं। इस महीने उनकी 2 फिल्में ओटीटी पर रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। फिलहाल उनकी अपकमिंग फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ का ट्रेलर आज यानी 4 मार्च 2024 को रिलीज कर दिया गया है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन पर आधारित है, जो भारत की आजादी की लड़ाई के बहुत खास और अलग पहलू की कहानी दिखाती है। सारा अली खान की ये फिल्म इसी महीने ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
देशभक्ति की भावना से भरी फिल्म
देशभक्ति की भावना से भरी इस फिल्म को करण जौहर, अपूर्व मेहता और सोमेन मिश्रा ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसमें सारा अली खान लीड रोल में हैं, जबकि इमरान हाशमी के कैमियो रोल के साथ सचिन खेडेकर, अभय वर्मा, स्पर्श श्रीवास्तव, एलेक्स ओ नील और आनंद तिवारी ने अहम भूमिका निभाई है। कन्नन अय्यर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कहानी अय्यर और दरब फारूकी ने लिखी है।

जानिए क्या है सारा अली का रोल
सारा अली खान भारत को आजाद देखना चाहती है और उसके लिए अपनी कोशिश में गुपचुप तरीके से एक रेडियो स्टेशन चलाती है और यही रेडियो स्टेशन भारत छोड़ो आंदोलन की आग को हवा देने वाला सबसे बड़ा जरिया बन जाता है। इस किरदार के जरिए आजादी की लड़ाई के दौरान देश के युवाओं की दिलेरी, उनके बलिदान और कठिनाइयों का सामना करने की उनकी काबिलियत को दिखाया गया है।
21 मार्च 2024 को रिलीज होगी फिल्म
आपको बता दें कि फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ आगामी 21 मार्च 2024 को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इसे आप हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में भी देख सकते हैं। इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को आजादी से पहले के दौर में वापस ले जाता है और बंबई (मुंबई) की 22 साल की एक कॉलेज में पढ़ने वाली लड़की उषा (सारा अली खान) नजर आती है।
