संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी वुमेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुरुवार (30 अक्टूबर) को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 339 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत का सामना अब फाइनल में साउथ अफ्रीका से होगा, जो 2 नवंबर (रविवार) को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
भारतीय टीम की जीत में जेमिमा रोड्रिग्स ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दबाव के हालात में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 134 गेंदों में नाबाद 127 रन बनाए, जिसमें 14 चौके शामिल थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 88 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जेमिमा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस यादगार जीत पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी X (ट्विटर) पर बधाई देते हुए लिखा:-
“ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम पर हमारी लड़कियों की शानदार जीत! यह रन-चेज हिम्मत, भरोसे और जुनून का प्रतीक है। बहुत बढ़िया खेली टीम इंडिया।”
अब सबकी निगाहें 2 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां हरमनप्रीत की ब्रिगेड खिताब के लिए साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी।
