संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने आज रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में शुक्रवार परेड की सलामी ली। परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन श्री सिद्धार्थ के0 मिश्रा द्वारा किया गया।
एसएसपी ने परेड में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने पर बल देते हुए दौड़ करवाई तथा टोलीवार टर्न आउट चेक किया। इसके साथ ही शस्त्रों के संचालन और उनके रख-रखाव का अभ्यास भी कराया गया।
भोजनालय और मेस का निरीक्षण
परेड के बाद एसएसपी ने भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों के डाइनिंग हॉल में भोजन कर मेस की गुणवत्ता की जांच की।
बैरक और सुविधाओं का निरीक्षण
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के बैरकों का निरीक्षण करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। मोटर परिवहन शाखा, शौचालय, बारबर शॉप और पुलिस कैफे का भी निरीक्षण किया गया।
वाहनों और उपकरणों की जांच
एसएसपी ने डायल-112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर प्राथमिक चिकित्सा किट और उपकरणों की स्थिति की जांच की। साथ ही घटनास्थल/क्राइम सीन को सुरक्षित रखने से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अन्य निरीक्षण और निर्देश
पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी, क्लासरूम, ऑफिस और आवासीय सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। शेष कार्य समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अंत में आदेश कक्ष में अर्दली रूम और रजिस्टरों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन श्री सिद्धार्थ के0 मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक श्री ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
