संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत
मुजफ्फरनगर – विकसित भारत युवा सांसद 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित विषय “विकसित भारत के निर्माण में युवाओं का मार्ग सशक्त बनाना” पर जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं ने राज्य स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाया।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अक्षय कुमार तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले हार्दिक रघुवंशी ने 1 से 3 मई तक लखनऊ विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग किया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में प्रदेश के 75 जनपदों से कुल 375 युवाओं ने हिस्सा लिया, जहां इन दोनों प्रतिभाओं ने मुजफ्फरनगर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के करकमलों द्वारा किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों को विधानसभा के ऐतिहासिक सदन में बैठकर अपने विचार रखने का अवसर मिला, जो उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक और गर्व का क्षण रहा।

अक्षय कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विधानसभा में अपनी बात रखना और अपने जनपद का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का एक अनोखा और ऐतिहासिक अनुभव रहा। वहीं हार्दिक रघुवंशी ने भी इस अवसर को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताते हुए इसे सीखने और आगे बढ़ने की दिशा में अहम कदम बताया।
