संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत

गाजियाबाद। वरिष्ठ रंगकर्मी, लेखक, निर्देशक एवं पत्रकार आलोक शुक्ला के नवीन कहानी संग्रह ‘इस दीवार पर कोई खिड़की नहीं’ का लोकार्पण रविवार को गाज़ियाबाद स्थित घरौंदा बाल आश्रम में गरिमामय समारोह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्य, रंगमंच, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े देशभर के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि लखनऊ उच्च न्यायालय के मुख्य रजिस्ट्रार डॉ. महेन्द्र भीष्म रहे। इस अवसर पर अनिल उपाध्याय (आईटी विशेषज्ञ एवं आध्यात्मिक पथ प्रदर्शक), डॉ. रत्नाकर लाल (वरिष्ठ चिकित्सक एवं रेखाचित्र विशेषज्ञ), सुमित्रा शर्मा (वरिष्ठ शिक्षाविद्, लेखिका एवं कवयित्री), निरुपमा बडेरा (रंगकर्मी एवं बाल परामर्शदाता), डॉ. रत्ना पनिकर (संगीतज्ञ, प्रोफेसर एवं रंगकर्मी), सुभाष अखिल (वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार), सीमा कुमार (परामर्शदाता एवं कार्यक्रम निदेशक, सामुदायिक फाउंडेशन), डॉ. भारती (किन्नर विभाग विशेषज्ञ, शिमला) तथा प्रताप सिंह (लेखक एवं रंगकर्मी) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रंगकर्मी टेकचन्द ने किया।

‘इंडिया नेटबुक्स प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा प्रकाशित इस कहानी संग्रह में कुल 22 कहानियाँ शामिल हैं। संग्रह की कहानियाँ समकालीन समाज, मानवीय रिश्तों की जटिलताओं, संवेदनाओं और बदलते सामाजिक परिवेश के विविध पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं। यह पुस्तक अमेज़न, फ्लिपकार्ट तथा प्रकाशक की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। लोकार्पण समारोह में वक्ताओं ने आलोक शुक्ला के बहुआयामी व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रचनाएँ सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को गहराई से अभिव्यक्त करती हैं तथा पाठकों को गंभीर चिंतन के लिए प्रेरित करती हैं।

‘इस दीवार पर कोई खिड़की नहीं’ आलोक शुक्ला की आठवीं प्रकाशित साहित्यिक कृति है। इससे पूर्व उनके ‘ख्वाबों के सात रंग’, ‘पंचरंग’, ‘अजीब दास्तां और एक अन्य नाटक’, ‘एक रंगकर्मी की यात्रा’, ‘अफ़सोस की ख़बर’, ‘बघेलखण्ड के लोकनाट्य छाहुर की शोधयात्रा’ तथा ‘आज़ादी के सिंदूरी रंग’ जैसी पुस्तकें पाठकों के बीच सराही जा चुकी हैं।समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने आलोक शुक्ला को नई पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके साहित्यिक जीवन की निरंतर सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *