संवाददाता रोहित त्यागी, नमस्कार भारत

मुजफ्फरनगर।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन मुजफ्फरनगर के तत्वाधान में कटरा मोचीयान में सर्राफा व्यवसाईयों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में धारा 411 के दुरुपयोग को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई और इस धारा में संशोधन की मांग की गई। सर्राफा एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा।

पुलिस उत्पीड़न से परेशान कारोबारी
कटरा मोचीयान स्थित जिला अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा के प्रतिष्ठान पर हुई बैठक की अध्यक्षता पवन कुमार वर्मा ने की, जबकि संचालन व्यापारी नेता राकेश त्यागी ने किया।

बैठक में सर्राफा बाजार और कटरा मोचीयान के सोने-चांदी के कारोबारियों ने बताया कि आए दिन स्थानीय पुलिस के अलावा अन्य राज्यों से आने वाली पुलिस द्वारा धारा 411 के तहत दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि पुलिस दुकानदारों पर चोरी का माल खरीदने का घिनौना आरोप लगाकर उन्हें चोर साबित कर देती है। इससे कारोबारियों को मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की क्षति उठानी पड़ रही है, साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है। जिला अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने कहा कि सुनार व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए व्यापार करना बेहद कठिन हो गया है। दुकानदार ग्राहकों से पुराने सोने-चांदी के आभूषणों का लेन-देन करते हैं, लेकिन इसी बहाने पुलिस कार्रवाई कर उन्हें मुलजिम बना देती है।

पहले भी हो चुकी है अधिकारियों से वार्ता
कुछ दिन पहले भी सर्राफा कारोबारियों ने मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन सभागार में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की थी। उसमें भी धारा 411 के दुरुपयोग को बंद करने और संशोधन की मांग उठाई गई थी। पवन वर्मा ने बताया कि विभिन्न राज्यों के सांसदों और मंत्रियों द्वारा संसद में भी इस धारा को खत्म करने की आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह अभी भी प्रभावी है।

सोने-चांदी के बढ़ते भाव से भी संकट
बैठक में कारोबारियों ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और सोने-चांदी के आसमान छूते भावों के कारण आभूषण निर्माताओं और छोटे कारीगरों का व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कम पूंजी के कारण कई दुकानों का कारोबार पूरी तरह बंद हो चुका है।

ये लोग रहे मौजूद
बैठक में व्यापारी नेता राकेश त्यागी, भोला शंकर सर्राफ, प्रदीप वर्मा, प्रमोद कुमार, शुभम वर्मा, आशीष वर्मा, आशु गर्ग, सतीश फौजी, शिवकुमार वर्मा, विजय वर्मा, नरेंद्र भारती, शिवम वर्मा, सुनील वर्मा सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *