संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत

मेरठ। आमतौर पर शादियों में दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात निकालता है, लेकिन मेरठ में एक अनोखी बारात देखने को मिली, जहां दूल्हा हाथी पर बैठकर निकला। इस अनोखी बारात की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।

दरअसल मेरठ निवासी अंकित कुमार ने अपनी शादी में कुछ अलग करने की ठानी और घोड़ी की बजाय हाथी पर सवार होकर बारात निकाली। खास बात यह है कि अंकित किसी संपन्न परिवार से नहीं हैं, बल्कि वह खेतों में गन्ना काटने का काम करते हैं और खाली समय में मजदूरी करके रोजाना करीब 500 रुपये कमाते हैं।

अंकित ने बताया कि जब वह करीब 5 साल के थे, तभी उन्होंने तय कर लिया था कि वह अपनी बारात हाथी पर ही निकालेंगे। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने लंबे समय तक पैसे जोड़े। मेरठ में हाथी उपलब्ध न होने के कारण अंकित को राजस्थान के जयपुर से हाथी मंगवाना पड़ा। इसके लिए उन्हें करीब एक लाख रुपये परमिशन में खर्च करने पड़े, जबकि हाथी का किराया और उसे लाने-ले जाने में लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये खर्च हुए। इस तरह कुल खर्च करीब ढाई लाख रुपये तक पहुंच गया।

अंकित के पिता कालू ने बताया कि बेटे की इच्छा को देखते हुए परिवार ने भी उसका पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि बेटे का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने मिलकर पैसे इकट्ठा किए और हाथी की व्यवस्था कराई। हाथी पर निकली इस बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने इस अनोखी बारात के वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह बारात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे एक अलग और यादगार पहल के रूप में देख रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *