मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचाने का आश्वासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दोबारा लिए गंगा जल के नमूने

संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत

शुकतीर्थ/मोरना। शुकतीर्थ में गंगा नदी में लगातार बह रहे काले और दूषित पानी को लेकर संत समाज और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और एसडीएम रश्मि लांबा ने गंगा घाट पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने गंगा जल के दोबारा नमूने भी एकत्र किए।

पिछले कई दिनों से गंगा में केमिकल युक्त काला पानी आने से मछलियों सहित कई जलीय जीवों की मौत हो रही है। पानी से उठ रही दुर्गंध और तैरती हुई मृत मछलियों के कारण श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान से दूरी बनानी शुरू कर दी है। इससे धार्मिक आस्था और पर्यावरण, दोनों पर गंभीर असर पड़ रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि गंगा में दूषित पानी आने की समस्या वर्षों पुरानी है। पहले भी जिम्मेदार फैक्टरियों के खिलाफ कार्रवाई हुई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसडीएम रश्मि लांबा ने बताया कि उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजी जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा गंगा, बाणगंगा और सोलानी नदी के अलग-अलग स्थानों से जल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर सहायक प्रदूषण अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता संजीव मलिक, गंगा सेवा समिति के महामंत्री डॉ. महकार सिंह, प्रबंधक देवेंद्र आर्य, रामकुमार शर्मा, अरुण पाल, महिपाल राठी, संजय कौरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *