संवाददाता अनु सैनी, नमस्कार भारत

मोरना। भोकरहेड़ी क्षेत्र में ईंट भट्ठे के पास मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।मोरना ब्लॉक के गांव वजीराबाद में मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग स्थित ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवकों ने उसका वीडियो बना लिया, जबकि कई लोग डर के कारण वहां से हट गए। थोड़ी ही देर में मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में मगरमच्छ पास के खेत में चला गया।

गांव वजीराबाद निवासी किसान अंकित पुत्र देवेंद्र ने बताया कि मगरमच्छ उनके खेत में पहले भी कई बार दिखाई दे चुका है। शुक्रवार को वह खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे। इसी दौरान मगरमच्छ खेत से निकलकर सड़क की ओर आ गया, जिसका वीडियो बना लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पास के तालाब में तीन मगरमच्छ मौजूद हैं, जिससे बच्चों और खेतों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी वन रविकांत चौधरी ने बताया कि भोकरहेड़ी तालाब में तीन मगरमच्छ होने की जानकारी विभाग को है। उनकी निगरानी के लिए एक कर्मचारी तैनात किया गया है और मगरमच्छों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *